णमोकार मंत्र जीवन-शोधन का माध्यम है

मुनि श्री विरंजन सागर जी महाराज

णमोकार मंत्र जीवन-शोधन का माध्यम है

महानुभावों! णमोकार मंत्र जीवन-शोधन का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। इसे जीवन को ऊँचा उठाने के उत्तम माध्यम के रूप में अपनाना चाहिए। णमोकार महामंत्र और आत्म-शुद्धि के संदर्भ में यह कहना आवश्यक है कि कामनाओं, तनाव, दुःख, विकार आदि से मुक्ति णमोकार मंत्र के माध्यम से ही संभव है। हम इसके जाप द्वारा अपनी दुर्बलताओं को दूर कर सकते हैं। णमोकार महामंत्र के भाव स्मरण से प्राणी अपनी आत्मा को परमात्मा बना सकता है। इसलिए जो अपनी आत्मा की उन्नति चाहता है उसे इस मंत्र का जाप अवश्य करना चाहिए। आगे मुनि श्री ने कहा कि णमोकार महामंत्र का बार-बार स्मरण व चिंतन करने से व्यक्ति अपने मन को आत्म-चिंतन में लगा सकता है। जिस प्रकार एक जलता हुआ दीपक सैंकड़ों बुझे हुए दीपक जला सकता है, उसी प्रकार णमोकार महामंत्र एक प्रकाशमान दीपक है जिस के द्वारा हम अपने जीवन रूपी दीपक को रोशन करके आत्म-कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। मुनि श्री ने कहा कि इस मंत्र में प्रतिरोधात्मक शक्ति उत्पन्न करने की विलक्षण क्षमता है। उसी क्षमता को लोग नमस्कार करते हैं। उसी क्षमता को लोग चमत्कार कहते हैं। णमोकार महामंत्र में चमत्कार जैसी कोई बात नहीं है। आपके अन्दर विद्यमान प्रतिरोधात्मक शक्ति को यह प्रकट कर देता है, उसे मज़बूत बना देता है। जैसे एक नदी के बहते हुए पानी को बाँध बनाकर उसमें इतनी शक्ति-धारा उत्पन्न कर दी जाती है कि वह बिजली भी पैदा कर सकती है। विज्ञान ने इसी शक्तिधारा का उपयोग करके बिजली पैदा की है।

इसी तरह यदि आप में शिथलीकरण दूर हो जाए और प्रतिरोधक क्षमता आ जाए तो आपकी आत्मिक शक्ति को प्रकट होने से कोई नहीं रोक सकता।


ओऽम् शांति सर्व शांति!!

Comments

Popular posts from this blog

स्वतंत्रता दिवस

जीवन में गति है पर दिशा नहीं

प्रभु को प्राप्त करना है