आत्मबल ही जीवन है
आत्मबल ही जीवन है
(परम पूज्य उपाध्याय श्री विरंजनसागर महाराज की लेखनी से)
हमारी अंतरिक्ष शक्ति हमारे आत्मबल की द्योतक है। यह बल जितना मजबूत होगा, हमारी इच्छाशक्ति उतनी अधिक दृढ़ होगी। हमारी कार्य क्षमता बढ़ेगी। विपरीत परिस्थितियों में लिए गए निर्णय सार्थक सिद्ध होंगे। आत्मबल अवसाद को पैदा होने से रोकता है। इससे हम नकारात्मकता के जाल में फंसने से बचते हैं। यदि किसी व्यक्ति का आत्म बल जागृत कर दिया जाए, तो उसमें असंभव को संभव बनाने की क्षमता उत्पन्न हो जाती है। हमारा इतिहास भी ऐसी अनेक घटनाओं से भरा हुआ है, जिसमें आत्मबल की शक्ति से चमत्कारिक कार्यों को अंजाम दिया गया है।
सती सीता की खोज में निकले हनुमान विशाल समुद्र को देखकर हताश हो जाते हैं। उन्हें उसे पार करने की कोई युक्ति नहीं सूझती। वे समुद्र की लहरों के सम्मुख स्वयं को विवश अनुभव करते हैं। लेकिन तभी जामवंत जी उनके आत्मबल को जागृत करते हैं। उन्हें उनकी क्षमताओं से अवगत कराते हैं। हनुमान जी का आत्मबल जागृत हो जाता है। वह ऊंची उड़ान भरते हैं और देखते ही देखते विराट सिंधु को पार कर लेते हैं।
आत्मबल के चमत्कार का उदाहरण महाभारत में भी है। श्री कृष्ण के द्वारा पांडवों का आत्मबल जागृत किया जाता है, जिससे उनके भीतर कौरवों की विशाल सेना को परास्त करने का साहस उत्पन्न हो जाता है। अंत में पांडव महाभारत का युद्ध जीत लेते हैं।
सती अंजना के पास असीम आत्मबल था, जिसके बल पर वह जंगल में गर्भावस्था में होने के बाद भी अकेली रही।
हमें अपना आत्मबल अनुभव करने की आवश्यकता है। हम उसे विस्मृत कर चुके हैं। इसी कारण हमें बहुत जल्दी अवसाद घेर लेता है। हम आत्महत्या जैसा पाप कर्म कर बैठते हैं। आत्मबल ही धैर्य जैसे गुणों का विकास करता है। हम अपने लक्ष्य से नहीं भटकते। मार्ग कितना भी कठिन हो हम मंजिल तक अवश्य पहुंचते हैं।
आत्मबल यौगिक क्रियाओं द्वारा जागृत किया जा सकता है। अच्छा साहित्य, महापुरुषों की जीवनियाँ, उनके कठिन संघर्ष और जीवन के प्रेरक प्रसंग इत्यादि का ज्ञान हमारे आत्मबल को कई गुना बढ़ा देते हैं। हमें उनसे लाभ उठाना चाहिए।
ओऽम् शांति सर्व शांति!!
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद।
--
सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
Comments
Post a Comment